दिल्ली में शराब खरीदने के लिए ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा शुरू की गई है. ‘दिल्ली लिकर बुकिंग’ नाम के इस ऐप को दिल्ली स्टेट इंडस्ट्रियल एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (DSIIDC) ने लॉन्च किया है. ऐप से शहर के करीब 208 रिटेल स्टोर जुड़े हैं.

इस सुविधा में शराब की होम डिलीवरी नहीं होगी. ग्राहक को ऑनलाइन भुगतान करने के बाद 48 घंटे के भीतर चुनी गई दुकान पर जाकर ऑर्डर लेना होगा. बुकिंग पूरी होने के बाद ऐप पर QR कोड मिलेगा, जिसे स्टोर पर स्कैन करके ऑर्डर हासिल किया जा सकेगा.

ऐप पर ब्रांड और स्टोर चुनने की सुविधा

अधिकारियों के अनुसार, ग्राहक ऐप पर उपलब्ध ब्रांड देख सकेंगे. इसके बाद वे अपनी पसंद का रिटेल स्टोर चुनकर बोतल का आकार और मात्रा तय कर सकते हैं. ऑनलाइन बुकिंग और भुगतान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद दुकान पर अलग से भुगतान करने की जरूरत नहीं होगी, क्योंकि ऑर्डर का भुगतान पहले ही किया जा चुका होगा.

अधिकारियों ने बताया कि ऐप शुरू करने का उद्देश्य शराब की दुकानों पर भीड़ और इंतजार का समय कम करना है. इसके अलावा पेमेंट काउंटर पर दबाव घटाने तथा कीमत और बिलिंग में पारदर्शिता लाने की भी बात कही गई है.

उम्र और खरीद की सीमा

ऐप से शराब बुक करने के लिए ग्राहक की उम्र कम से कम 25 वर्ष होनी चाहिए. एक व्यक्ति अधिकतम 9 लीटर व्हिस्की और 18 लीटर बीयर खरीद सकता है.

बुक किया गया ऑर्डर दुकान से उठाने से पहले रद्द किया जा सकता है. हालांकि, प्रोडक्ट बिक जाने या स्टोर से पिकअप हो जाने के बाद उसे वापस करने का प्रावधान नहीं है.