दिल्ली में शराब खरीदने के लिए अब ग्राहक पहले से ऑनलाइन बुकिंग और भुगतान कर सकेंगे. दिल्ली राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम (DSIIDC) ने ‘Delhi Liquor Booking’ मोबाइल ऐप शुरू किया है. फिलहाल यह सुविधा निगम की 208 सरकारी शराब दुकानों पर उपलब्ध है.
ऐप पर ग्राहक उपलब्ध ब्रांड, बोतल का आकार और मात्रा देखकर पसंदीदा दुकान चुन सकते हैं. ऑनलाइन भुगतान पूरा होने के बाद ऐप में QR कोड जारी होगा. ग्राहक को इसी कोड के साथ चुने हुए ठेके पर जाकर 48 घंटे के भीतर शराब लेनी होगी.
इस सुविधा में होम डिलीवरी शामिल नहीं है. इसका उद्देश्य दुकानों पर कतार और भुगतान काउंटरों का दबाव कम करना, उपलब्ध स्टॉक की जानकारी देना तथा बिलिंग और कीमतों में पारदर्शिता बढ़ाना है.
दिल्ली के आबकारी नियमों के तहत ऐप का इस्तेमाल करने के लिए ग्राहक की उम्र कम से कम 25 वर्ष होनी चाहिए. एक व्यक्ति अधिकतम 9 लीटर व्हिस्की और 18 लीटर बीयर खरीद सकता है. बोतल लेने से पहले ऑर्डर रद्द किया जा सकता है, लेकिन बिक्री या पिकअप के बाद वापसी का प्रावधान नहीं है.
