दिल्ली में सभी खुदरा शराब दुकानें 9 और 10 अक्टूबर 2026 को बंद रहेंगी. दिल्ली सरकार के आबकारी विभाग ने 8 अक्टूबर को जारी आदेश में इसे सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए उठाया गया एहतियाती कदम बताया है.

आदेश के तहत L6, L6FG, L8, L10 और L14 समेत संबंधित लाइसेंस श्रेणियों के तहत चलने वाले खुदरा शराब वेंड पर बिक्री पूरी तरह बंद रहेगी. यानी इन दोनों दिनों में दिल्ली के भीतर शराब की दुकानों से बिक्री और आपूर्ति उपलब्ध नहीं होगी.

यह बंदी 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन से पहले लागू की गई है. प्रदर्शनकारी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठा रहे हैं.

दिल्ली पुलिस ने विरोध प्रदर्शनों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की तैयारी की है. आबकारी विभाग का आदेश राजधानी के सभी संबंधित खुदरा लाइसेंसधारकों पर लागू होगा.