दिल्ली पुलिस ने कथित तौर पर फर्जी पहचान दस्तावेजों के जरिए 70 से ज्यादा लोन लेने के मामले में दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, इन लोन की कुल रकम 1 करोड़ रुपये से अधिक है. आरोपियों की पहचान गुरुग्राम के ज्योति पार्क निवासी गौरव छाबड़ा (35) और शुभम छाबड़ा (24) के रूप में हुई है.
जांच उस समय शुरू हुई, जब एक अन्य व्यक्ति ने पुलिस से शिकायत की कि उसकी जानकारी के बिना उसके PAN नंबर पर कई लोन खाते खोले गए हैं. पुलिस का कहना है कि उसके PAN विवरण का इस्तेमाल कर 30 से अधिक लोन लिए गए, जिनकी रकम करीब 7 लाख रुपये थी. उसे लगभग 47 लाख रुपये के कई लोन खातों में गारंटर भी दिखाया गया, जबकि उसे इन लेनदेन की जानकारी नहीं थी.
आरोप है कि दस्तावेजों में नाम, पिता का नाम और फोटो डिजिटल तरीके से बदले गए थे. वोटर ID में भी फोटो बदलने की बात सामने आई है. पुलिस के मुताबिक, दिसंबर 2022 से जुलाई 2023 के बीच ऐसे पहचान विवरणों से करीब 14 SIM कार्ड लिए गए.
जांच में 16 पहचान दस्तावेज, 27 डेबिट कार्ड, छह पासबुक, 21 चेकबुक, 11 मोबाइल फोन और 10 SIM कार्ड बरामद किए गए हैं. पुलिस अन्य बैंक खातों, संभावित पीड़ितों और वित्तीय संस्थानों की भूमिका की जांच कर रही है.
