दक्षिण दिल्ली के मैदान गढ़ी इलाके में एक बुजुर्ग ने पुलिस को अपने घर की इमारत गिरने की सूचना दी. कॉल के बाद कई आपात एजेंसियां सक्रिय हो गईं और मौके पर पहुंचीं. जांच में इमारत सुरक्षित मिली और किसी तरह के जान-माल के नुकसान की पुष्टि नहीं हुई.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कॉल दोपहर करीब 3 बजे मैदान गढ़ी निवासी नरेंद्र ने की थी. उन्होंने पुलिस से कहा था कि उनकी बिल्डिंग गिर रही है. सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, दमकल विभाग, कैट्स एंबुलेंस, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) और नगर निगम (MCD) की टीमें मौके के लिए रवाना हुईं.
मौके पर पहुंचने के बाद स्थिति साफ हुई
टीमों ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया तो इमारत सही-सलामत मिली. इलाके में न तो इमारत गिरने की घटना हुई थी और न ही किसी व्यक्ति के घायल होने या नुकसान की सूचना थी.
रिपोर्ट के मुताबिक, कॉल करने वाले नरेंद्र शराब के नशे में थे. मौके से सामने आए वीडियो में भी उन्हें नशे की हालत में बताया गया है. परिवार के सदस्यों ने उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन वे घर के अंदर जाने को तैयार नहीं थे.
घटना के बाद घर की महिलाओं और युवाओं ने मौके पर पहुंची टीमों से माफी मांगी. उनका कहना था कि परिवार के बुजुर्ग ने नशे में कॉल की थी, जिसके कारण कई विभागों को मौके पर आना पड़ा.
खबर लिखे जाने तक नरेंद्र के खिलाफ किसी कार्रवाई की सूचना नहीं थी.
