दिल्ली के मंगोलपुरी इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 में शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे जूते बनाने और स्टोर करने वाली फैक्ट्री में भीषण आग लग गई. हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोगों की हालत गंभीर बताई गई है.

रेस्क्यू टीम ने छह लोगों को बेहोशी की हालत में बाहर निकाला और संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल पहुंचाया. इसके अलावा बिल्डिंग की चौथी मंजिल से पांच अन्य लोगों को रेस्क्यू किया गया.

दिल्ली अग्निशमन सेवा के सहायक मंडल अधिकारी पारस कुमार के मुताबिक, आग फैक्ट्री के बेसमेंट में लगी थी. आग पूरी तरह बुझा दी गई है और घटनास्थल पर कूलिंग का काम किया गया. अधिकारी ने बताया कि फैक्ट्री के अंदर अब कोई व्यक्ति नहीं बचा है.

आग लगने की वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है. फैक्ट्री मालिक को पूछताछ के लिए बुलाया गया है. ठेकेदार और कर्मचारियों से भी घटना को लेकर पूछताछ की जा रही है.

उपलब्ध जानकारी के अनुसार, दिल्ली में इस साल आग की घटनाओं में अब तक 101 लोगों की मौत हो चुकी है.