दिल्ली नगर निगम 2,500 अवकाशकालीन वैकल्पिक सफाई कर्मचारियों की भर्ती करेगा. निगम की ओर से इस संबंध में जल्द विज्ञापन जारी किए जाने की बात कही गई है. ये कर्मचारी नियमित सफाईकर्मियों के अवकाश पर रहने के दौरान उनकी जगह काम करेंगे, ताकि वार्डों में सफाई व्यवस्था प्रभावित न हो.

भर्ती के लिए आवेदक की उम्र 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए. उम्मीदवार को दिल्ली में पिछले पांच वर्षों से निवास करने का प्रमाण देना होगा. इसके अलावा जिस जोन के लिए आवेदन किया जाएगा, आवेदक का उसी जोन के अधिकार क्षेत्र का निवासी होना जरूरी होगा.

आवेदन पत्र निशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे. भर्ती प्रक्रिया की निगरानी के लिए उपायुक्त स्तर के अधिकारी के नेतृत्व में तीन टीमें बनाई जाएंगी. इनमें एक टीम आवेदन प्राप्त करेगी, दूसरी दस्तावेजों की जांच और तीसरी शारीरिक परीक्षण की प्रक्रिया देखेगी.

यह भर्ती संविदा और दैनिक वेतन के आधार पर प्रस्तावित है. फिलहाल वेतनमान या दैनिक भुगतान की सटीक राशि आधिकारिक रूप से जारी नहीं की गई है. विज्ञापन में आवेदन की तारीख, जरूरी दस्तावेज, चयन प्रक्रिया और भुगतान से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी जाएगी.