दिल्ली में अवैध निर्माण और असुरक्षित इमारतों के खिलाफ नगर निगम की कार्रवाई तेज हो गई है. 6 सितंबर से 10 अक्टूबर के बीच सभी 12 जोन में 1,046 संपत्तियों के खिलाफ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई. इस दौरान 282 संपत्तियों को सील किया गया, जबकि 47 खतरनाक इमारतें गिराई गईं.

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के निर्देश पर यह अभियान संभावित हादसों को रोकने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए चलाया जा रहा है. नगर निगम को अवैध निर्माण और भवन नियमों के उल्लंघन के मामलों में लगातार कार्रवाई जारी रखने को कहा गया है.

रोहिणी में सबसे अधिक कार्रवाई

जोनवार आंकड़ों के अनुसार, रोहिणी में सबसे अधिक 158 संपत्तियों पर ध्वस्तीकरण कार्रवाई हुई. इसके बाद दक्षिण जोन में 121 और शाहदरा उत्तर में 115 संपत्तियों पर कार्रवाई की गई. वेस्ट, सिटी-सदर पहाड़गंज और शाहदरा दक्षिण जोन में 87-87 संपत्तियों के खिलाफ कदम उठाए गए.

सीलिंग के मामलों में सिटी-सदर पहाड़गंज में 87, शाहदरा उत्तर में 41 और दक्षिण जोन में 41 संपत्तियां शामिल हैं. नगर निगम ने असुरक्षित घोषित इमारतों को गिराने की कार्रवाई भी अलग से की है.