दिल्ली नगर निगम (MCD) ने अवैध निर्माण और जर्जर इमारतों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के अनुसार, 6 सितंबर से 10 अक्टूबर के बीच राजधानी के सभी 12 जोन में 1,046 संपत्तियों के खिलाफ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई. इस दौरान 282 संपत्तियों को सील किया गया और 47 जर्जर इमारतें गिराई गईं. मुख्यमंत्री ने निगम को ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रखने और इसकी गति बढ़ाने के निर्देश दिए हैं.
यह कार्रवाई 7 अक्टूबर को न्यू सीमापुरी इलाके में ईदगाह मछली मंडी के पास चार मंजिला इमारत गिरने के बाद और तेज हुई. हादसे में पांच लोगों की मौत हुई थी, जबकि आठ लोग घायल हुए थे. हादसे के बाद संबंधित एजेंसियों ने एक असुरक्षित इमारत को ध्वस्त किया. दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड (DUSIB) ने तीन अन्य मकानों को नोटिस जारी किया है.
12 जोन में कार्रवाई का ब्योरा
MCD के अनुसार, नरेला में 62, रोहिणी में 158, सिविल लाइंस में 63, केशवपुरम में 61, सिटी एसपी जोन में 87, करोल बाग में 85, शाहदरा साउथ में 87 और शाहदरा नॉर्थ में 115 संपत्तियों के खिलाफ कार्रवाई हुई. इसके अलावा वेस्ट जोन में 87, नजफगढ़ में 45, सेंट्रल जोन में 75 और साउथ जोन में 121 संपत्तियां कार्रवाई के दायरे में रहीं.
MCD के मुताबिक, न्यू सीमापुरी में गिरी इमारत DUSIB की करीब 25 वर्ग गज जमीन पर बनी थी और 20 से 25 साल पुरानी थी. अधिकारियों ने इसे ग्राउंड प्लस तीन मंजिला बताया, जबकि स्थानीय लोगों के मुताबिक इसमें पांच मंजिल थीं. इमारत गिरने से आसपास के दो भवनों और पास की ईदगाह की चारदीवारी को भी नुकसान पहुंचा. बिजली का खंभा और तार क्षतिग्रस्त होने के बाद इलाके की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई थी.
उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, 2022 से 2025 के बीच दिल्ली में इमारत गिरने की 1,133 घटनाएं दर्ज हुईं. इन घटनाओं में 98 लोगों की मौत हुई.
