दिल्ली नगर निगम (MCD) सदन की बैठक में प्रदूषण और विकास निधि को लेकर गुरुवार को भारी हंगामा हुआ. बहस के दौरान भाजपा और आम आदमी पार्टी (AAP) के पार्षद आमने-सामने आ गए. स्थिति इतनी बिगड़ गई कि माइक टूटने, फाइलें फेंके जाने और पानी उछाले जाने की घटनाएं सामने आईं. पार्षदों के बीच हाथापाई की नौबत भी बनी और मेयर प्रवेश वाही को सुरक्षा घेरे में वहां से ले जाना पड़ा.
बैठक में प्रदूषण पर चर्चा के दौरान शुरू हुआ विवाद जल्द ही विकास निधि के आवंटन तक पहुंच गया. AAP पार्षदों ने अधिक राशि जारी करने की मांग की. इसके बाद मेयर प्रवेश वाही ने 25 लाख रुपये की विकास निधि जारी करने की घोषणा की. उन्होंने कहा कि मौजूदा वित्तीय वर्ष में पार्षदों को कुल 2 करोड़ रुपये दिए जाएंगे.
हालांकि, AAP पार्षद इस घोषणा से संतुष्ट नहीं हुए. उन्होंने तत्काल राशि बढ़ाकर 1 करोड़ रुपये करने की मांग रखी. हंगामे के दौरान AAP पार्षद शगुफ्ता जुबैर के मेयर की कुर्सी तक पहुंचने और माइक तोड़ने की कोशिश करने की बात भी सामने आई है.
जुबैर ने मीडिया से कहा कि पार्षद जनता के लिए विकास निधि मांग रहे हैं और इसमें कुछ गलत नहीं है. उन्होंने सदन के माइक को नुकसान पहुंचाने को लेकर भी सवाल उठाया.
बैठक में कांग्रेस विधायक दल की नेता नाजिया दानिश और नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग के बीच भी तीखी बहस हुई. दानिश की AAP पर टिप्पणी के बाद नारंग ने उन पर भाजपा के करीब होने का आरोप लगाया. दानिश ने पलटवार करते हुए शगुफ्ता चौधरी का नाम लिया. इसके बाद सदन में शोर-शराबा और बढ़ गया.
