दिल्ली में सर्दियों के दौरान बढ़ने वाले वायु प्रदूषण से निपटने के लिए नगर निगम ने सड़क की धूल कम करने, सफाई और निर्माण-ध्वस्तीकरण गतिविधियों की निगरानी पर केंद्रित विंटर एक्शन प्लान लागू करने की तैयारी तेज कर दी है.
एमसीडी की स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा के अनुसार, निगम के दायरे में आने वाली करीब 6,127 किलोमीटर सड़कों पर लगभग 57,000 सफाईकर्मी नियमित रूप से मैनुअल सफाई कर रहे हैं. अप्रैल से अगस्त के बीच 6,797 गड्ढों की मरम्मत की गई, जबकि 1,202 किलोमीटर सड़कों के सुदृढ़ीकरण और पुनर्निर्माण का काम लिया गया है.
धूल और खुले में जलाने पर नजर
एमसीडी ने 18 मई से शुरू किए गए डीप-क्लीनिंग अभियान के तहत अब तक करीब 2,900 मीट्रिक टन गाद हटाने और 1,200 किलोमीटर सड़कों की सफाई की बात कही है. योजना के तहत संयुक्त प्रवर्तन टीमें बायोमास जलाने, निर्माण व ध्वस्तीकरण से उठने वाली धूल, अनधिकृत ईंधन के इस्तेमाल और मलबे या कचरे के अवैध निस्तारण की जांच करेंगी.
दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति द्वारा चिह्नित 46 प्रदूषण हॉटस्पॉट में उत्सर्जन स्रोतों का आकलन किया जा रहा है. इन इलाकों में संबंधित विभागों के साथ कार्रवाई के लिए उपायुक्तों को नोडल अधिकारी बनाया गया है.
