दिल्ली की विशेष MCOCA अदालत ने संगठित अपराध के एक मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी में करीब छह साल की देरी पर पुलिस को कड़ी फटकार लगाई है. विशेष न्यायाधीश गौरव राव ने पुलिस की कार्रवाई को बेहद औपचारिक बताते हुए इसे ‘महज दिखावा’ करार दिया.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (MCOCA) सितंबर 2020 में लगाया गया था, लेकिन एक आरोपी को फरवरी 2026 और दूसरे को अप्रैल 2026 में गिरफ्तार किया गया. अदालत के सामने यह भी कहा गया कि इस अवधि में वे गंभीर आपराधिक मामलों में कथित तौर पर शामिल रहे. कुछ अन्य आरोपी अब भी गिरफ्तार नहीं हुए हैं.
अदालत ने कहा कि इतनी लंबी देरी से MCOCA लागू करने का उद्देश्य ही विफल हो गया. पुलिस उपायुक्त की ओर से दाखिल रिपोर्ट में अधिकारियों द्वारा ‘पूरे प्रयास’ किए जाने का दावा किया गया था, जिसे अदालत ने खारिज कर दिया.
5 अक्टूबर के आदेश की प्रति दिल्ली पुलिस आयुक्त को भेजी गई है. अदालत ने मामले की विस्तृत जांच और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों व जांच अधिकारियों के खिलाफ उचित कार्रवाई पर रिपोर्ट मांगी है.
