दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर 16 नवंबर 2026 से आठ अतिरिक्त तेज ट्रेन सेवाएं शुरू होंगी. NCRTC के अनुसार, ये ट्रेनें सुबह और शाम के व्यस्त समय में चलेंगी और सीमित स्टेशनों पर रुकने के कारण यात्रियों का समय बचाएंगी.
इन तेज सेवाओं का ठहराव सराय काले खां, आनंद विहार, गाजियाबाद, बेगमपुल और मोदीपुरम स्टेशनों पर होगा. आनंद विहार से गाजियाबाद का सफर करीब आठ मिनट और गाजियाबाद से बेगमपुल तक की यात्रा 28 मिनट में पूरी होने की बात कही गई है. आनंद विहार से बेगमपुल तक पहुंचने में लगभग 36 मिनट लगेंगे. पूरे दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर की यात्रा 50 मिनट से कम समय में पूरी की जा सकेगी.
सुबह-शाम पीक आवर्स में संचालन
आठ अतिरिक्त सेवाओं में चार ट्रेनें सुबह और चार शाम को चलेंगी. सुबह सराय काले खां और मोदीपुरम, दोनों टर्मिनल से दो-दो ट्रेनें 8 बजे और 8:30 बजे रवाना होंगी. शाम को दोनों टर्मिनल से सेवाएं 6 बजे और 6:30 बजे प्रस्थान करेंगी.
NCRTC के मुताबिक, नियमित नमो भारत ट्रेनें पहले की तरह हर 10 मिनट के अंतराल पर चलती रहेंगी. अतिरिक्त सेवाएं मौजूदा संचालन के साथ उपलब्ध होंगी.
