छठ पूजा के बाद दिल्ली लौटने वाले यात्रियों को राहत देने के लिए दिल्ली मेट्रो 18 से 22 नवंबर 2026 तक चुनिंदा स्टेशनों से सुबह 5:15 बजे सेवा शुरू करेगी. यह व्यवस्था प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर पहुंचने वाले यात्रियों की सुविधा और संभावित भीड़ को देखते हुए की गई है.

इस अवधि में आनंद विहार मेट्रो स्टेशन से ब्लू और पिंक लाइन की सेवाएं सुबह 5:15 बजे से उपलब्ध रहेंगी. वहीं, नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन से येलो लाइन पर भी इसी समय परिचालन शुरू होगा.

यात्रियों को दूसरी लाइनों से जोड़ने के लिए प्रमुख इंटरचेंज स्टेशनों पर अतिरिक्त ट्रेनें चलाई जाएंगी. इनमें राजीव चौक और कश्मीरी गेट जैसे स्टेशन शामिल हैं. अतिरिक्त सेवाओं से रेड, ग्रीन और वायलेट लाइनों की ओर जाने वाले यात्रियों को कनेक्टिविटी देने का प्रयास किया जाएगा.

इससे पहले 16 नवंबर को छठ पूजा के उषा अर्घ्य के अवसर पर DMRC ने सभी टर्मिनल स्टेशनों से सुबह 4:30 बजे मेट्रो सेवा शुरू की थी. सामान्य दिनों में सेवाएं सुबह 6 बजे शुरू होती हैं.