दिल्ली मेट्रो की एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन की एक ट्रेन में सरकार के कामकाज पर सवाल उठाने वाले दो पोस्टर मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है. पोस्टरों में लोगों को QR कोड के जरिए एक ऑनलाइन ग्रुप से जुड़ने का निमंत्रण दिया गया था. दोनों पोस्टर पुलिस ने जब्त कर लिए हैं.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, घटना 20 अक्टूबर की शाम सामने आई. DMRC के ट्रेन ऑपरेटर तरुण चौधरी ने नई दिल्ली से यशोभूमि पहुंची ट्रेन की जांच के दौरान एक सीट पर चिपके पोस्टर देखे. ट्रेन करीब 6:50 बजे रवाना हुई थी और लगभग 7:15 बजे यशोभूमि पहुंची.
चौधरी ने पोस्टर हटाकर वरिष्ठ अधिकारियों और Operations Control Centre को सूचना दी. अधिकारियों के निर्देश पर पोस्टर द्वारका सेक्टर-21 के स्टेशन कंट्रोलर को सौंपे गए, जिसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई.
A4 आकार के काले-सफेद पोस्टरों में ‘Voting Protest’, ‘Dissatisfied? You Are Not Alone’, ‘You Can Change Your Own Life’, ‘Spectrum of Engagement’ और ‘Community Building Reform’ जैसे संदेश लिखे थे. पोस्टरों में देश में हाल के वर्षों में हुए बदलावों से जुड़े नौ दावे भी सूचीबद्ध थे.
पुलिस और स्पेशल सेल अब पोस्टर लगाने वालों तथा QR कोड से जुड़े ऑनलाइन ग्रुप के संचालकों की पहचान का प्रयास कर रहे हैं. अभी तक किसी व्यक्ति की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है.
