दिल्ली मेट्रो की मैजेंटा लाइन पर 21 नवंबर 2026 से करीब एक महीने तक ट्रेन सेवाओं का समय बदला रहेगा. यह बदलाव दीपाली चौक और मजलिस पार्क के बीच लागू होगा.
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के अनुसार, सिस्टम इंटीग्रेशन कार्य के चलते पहली यात्री ट्रेन अब सुबह 6 बजे के बजाय 7 बजे से चलेगी. इसी तरह आखिरी ट्रेन रात 11 बजे के बजाय 10 बजे टर्मिनल स्टेशनों से रवाना होगी.
यह कार्य कृष्णा पार्क एक्सटेंशन-दीपाली चौक सेक्शन को मौजूदा मेट्रो नेटवर्क से जोड़ने के लिए किया जा रहा है. DMRC का कहना है कि नई लाइन को सुरक्षित और सुचारु रूप से नेटवर्क में शामिल करने के लिए परिचालन समय में अस्थायी बदलाव जरूरी है.
काम पूरा होने के बाद नियमित समय-सारिणी बहाल कर दी जाएगी. निगम ने यात्रियों से सफर की योजना नए समय के अनुसार बनाने और स्टेशन पर उपलब्ध जानकारी या आधिकारिक DMRC माध्यमों से ताजा अपडेट देखने की सलाह दी है.
