दिल्ली के मुखर्जी नगर इलाके में एक छात्रा ने कार सवार युवकों पर अभद्रता और पीछा करने का आरोप लगाया है. छात्रा के मुताबिक, 23 सितंबर की रात हक़ीक़त पार्क के पास वह अपनी सहेली के साथ थी, तभी काली SUV में सवार युवकों ने उन पर आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं.

छात्रा का आरोप है कि विरोध करने पर युवकों ने दोनों से गाली-गलौज की और उनके वहां से जाने के बाद कार से पीछा किया. वीडियो बनाने की कोशिश के दौरान आरोपियों ने उन्हें कार के अंदर खींचने का प्रयास किया, जिसके बाद वे वहां से भाग गए. छात्रा ने यह भी कहा कि शिकायत दर्ज कराने के लिए उसे तीन पुलिस थानों के चक्कर लगाने पड़े और कई घंटे बाद एफआईआर दर्ज हुई.

पुलिस के अनुसार, शिकायत मिलने के बाद कार के पंजीकृत मालिक का पता लगाया गया. जांच में नमन कुमार के कार चलाने की बात सामने आई. पुलिस ने मुखर्जी नगर थाने में एफआईआर संख्या 390/26 दर्ज की है. मामले में भारतीय न्याय संहिता की धाराएं 78, 79 और 3(5) लगाई गई हैं. पुलिस ने कहा है कि आगे की जांच जारी है.