दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बारापुल्ला के पास पतंग का मांझा गर्दन में उलझने से एक बाइक सवार की मौत हो गई. मृतक की पहचान विकास सिंह के रूप में हुई है. वह काम से लौट रहे थे.

पुलिस के अनुसार, मांझे से उनकी गर्दन पर गहरा कट लगा. इसके बाद उन्होंने मोटरसाइकिल पर नियंत्रण खो दिया और सड़क पर गिर पड़े. सूचना मिलने पर शाहीन बाग थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अवस्था में उन्हें एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. शव को पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखा गया है.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सिंह का तीन महीने का बच्चा है. उनके परिजनों ने दावा किया कि इस्तेमाल किया गया मांझा प्रतिबंधित चाइनीज मांझा था. हालांकि, पुलिस ने इस बात की स्वतंत्र पुष्टि नहीं की है.

पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि मांझा एक्सप्रेसवे तक कैसे पहुंचा और इसके इस्तेमाल या बिक्री के लिए कौन जिम्मेदार है. घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है. मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 106 के तहत कार्रवाई शुरू की गई है.