बाहरी दिल्ली के नांगली विहार इलाके में चार वर्षीय बच्चा खुले मैनहोल के जरिए सीवर में गिर गया. घटना दास गार्डन कॉलोनी के पास हुई, जिसके बाद बच्चे की तलाश के लिए कई एजेंसियों ने संयुक्त बचाव अभियान शुरू किया है.

बच्चे की पहचान इमरान के रूप में हुई है. उसके पिता खुर्शीद आलम के मुताबिक, इमरान अपनी मां के साथ पार्क में आया था. इसी दौरान वह सीवर के पास गया और खुले मैनहोल में गिर गया. घटना के बाद परिवार और स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी.

मौके पर राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF), दिल्ली फायर सर्विस, दिल्ली पुलिस, दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) और सीमा सुरक्षा बल (BSF) की टीमें तैनात हैं. बचाव दल सीवर लाइन के भीतर बच्चे का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं.

तलाशी अभियान में सक्शन पंप और स्कैनिंग उपकरणों का इस्तेमाल किया जा रहा है. अधिकारियों के अनुसार, बचाव कार्य के बावजूद खबर लिखे जाने तक बच्चे का पता नहीं चल सका था. उपमंडलीय मजिस्ट्रेट रजत मल्होत्रा ने कहा कि प्रशासन बच्चे को सुरक्षित निकालने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहा है.