दिल्ली के नरेला स्थित चंदरप्रभु जैन कॉलेज ऑफ हायर स्टडीज एंड स्कूल ऑफ लॉ के बैंक खाते से 80 लाख रुपये कथित तौर पर फर्जी ‘बॉस इम्पर्सनेशन’ साइबर फ्रॉड के जरिए ट्रांसफर करा लिए गए. दिल्ली पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने संस्थान के एक वरिष्ठ अधिकारी के नाम और तस्वीर का इस्तेमाल कर अकाउंटेंट को WhatsApp पर संदेश भेजे और तुरंत रकम भेजने को कहा.
अकाउंटेंट ने संदेश को वास्तविक आदेश समझकर बिना फोन पर पुष्टि किए 80 लाख रुपये इंडसइंड बैंक में N.S. Traders के नाम से मौजूद खाते में ट्रांसफर कर दिए. बाद में वास्तविक अधिकारी से बातचीत होने पर ठगी का पता चला. कॉलेज का संचालन ऋषि अरबिंदो एजुकेशनल सोसाइटी करती है. सोसाइटी के जनरल सेक्रेटरी अभिषेक जैन की शिकायत पर 27 अक्टूबर 2026 को IFSO यूनिट में ई-FIR दर्ज की गई.
पुलिस ने बैंक खाते पर तत्काल होल्ड लगाकर पूरी रकम सुरक्षित करा ली. जांच के दौरान खाते के संचालक और N.S. Traders के मालिक 33 वर्षीय नौशाद को गाजियाबाद से 29 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया. पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने अन्य लोगों की संलिप्तता की जानकारी दी है, जिसकी जांच जारी है.
पुलिस ने संस्थानों को बड़े वित्तीय लेनदेन के लिए दोहरी अनुमति और फोन पर स्वतंत्र सत्यापन की व्यवस्था लागू करने की सलाह दी है.
