अखिल भारतीय राज्य सरकारी कर्मचारी महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुभाष लांबा ने 12 दिसंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में राष्ट्रीय कर्मचारी रैली आयोजित करने की घोषणा की है. संगठन का दावा है कि रैली में विभिन्न राज्यों से कर्मचारी शामिल होंगे.
यह घोषणा पीलीभीत में उत्तर प्रदेश फेडरेशन ऑफ मिनिस्ट्रियल सर्विस एसोसिएशन की राज्य कमेटी की बैठक के दौरान की गई. बैठक में कर्मचारी और पेंशनर संगठनों के कई पदाधिकारी मौजूद रहे.
संगठन के पदाधिकारियों के अनुसार, रैली के लिए मंडल स्तर पर 18 टीमें बनाई गई हैं. ये टीमें जिलों और विभागों में बैठकें तथा गेट मीटिंग कर कर्मचारियों को दिल्ली पहुंचने के लिए जागरूक करेंगी.
रैली में जनवरी 2004 से पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने, PFRDA Act, NPS और UPS को रद्द करने, ठेका व संविदा कर्मियों को नियमित करने और खाली पदों को स्थायी भर्ती से भरने की मांग उठाई जाएगी. महासंघ ने बेरोजगारों को रोजगार, आठवें वेतन आयोग में 3.8 फिटमेंट फैक्टर और इन्क्रीमेंट की दर पांच प्रतिशत करने की मांग भी रखी है.
