नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में बिगड़ती वायु गुणवत्ता पर सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार, 6 नवंबर को चिंता जताई. मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय पीठ ने वाहनों से होने वाले उत्सर्जन को प्रदूषण का प्रमुख कारण बताया और तत्काल, मध्यम अवधि तथा दीर्घकालिक उपायों की जरूरत पर जोर दिया.
सुनवाई के दौरान पीठ ने दिल्ली को गाजियाबाद, ग्रेटर नोएडा, गुरुग्राम और फरीदाबाद से जोड़ने वाली सड़कों पर भारी और लगातार यातायात का उल्लेख किया. अदालत ने कहा कि सड़कों पर वाहनों की बड़ी संख्या प्रदूषण की समस्या को गंभीर बना रही है.
उपलब्ध आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार को दिल्ली का समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक 391 रहा, जो ‘गंभीर’ श्रेणी के करीब है. रोहिणी में AQI 475 और IIT दिल्ली में 472 दर्ज किया गया.
अदालत ने पराली जलाने से जुड़े प्रदूषण पर किसानों को फसल अवशेष प्रबंधन की मशीनों के इस्तेमाल के लिए जागरूक करने की जरूरत बताई. केंद्र की ओर से अदालत को बताया गया कि प्रदूषण के पांच प्रमुख स्रोतों में औद्योगिक उत्सर्जन, वाहन, निर्माण एवं विध्वंस की धूल, सड़क की धूल और पराली जलाना शामिल हैं.
स्कूल बंद करने या हाइब्रिड कक्षाओं से जुड़ी याचिका पर अदालत ने कहा कि वह विशेषज्ञों की राय के आधार पर विचार करेगी. मामले की अगली सुनवाई 16 नवंबर को होगी.
