दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) के राज्यों की वायु प्रदूषण नियंत्रण योजनाओं की समीक्षा में ज्यादातर लक्ष्य और कार्रवाई बिंदु तय मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए. आयोग फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट (CAQM) के आकलन के अनुसार, 5 नवंबर तक 165 कार्रवाई बिंदुओं में 76 यानी 46.06 प्रतिशत को असंतोषजनक दर्जा दिया गया. केवल 37 बिंदु संतोषजनक रहे, जबकि 18 में सुधार की जरूरत बताई गई.
दिल्ली के 32 कार्रवाई बिंदुओं में 18 असंतोषजनक और आठ संतोषजनक पाए गए. लक्ष्य हासिल करने की प्रगति में भी दिल्ली 50.88 प्रतिशत के साथ सबसे नीचे रही. उत्तर प्रदेश 64.82 प्रतिशत के साथ आगे रहा, जबकि पंजाब 58.28, हरियाणा 51.54 और राजस्थान 51.23 प्रतिशत पर रहे.
2026 की योजनाओं में वाहन प्रदूषण, सड़क की धूल, औद्योगिक उत्सर्जन, निर्माण गतिविधियों, पराली प्रबंधन, सार्वजनिक परिवहन और इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग ढांचे से जुड़े उपाय शामिल थे.
CAQM ने 2027 के लिए जिला स्तर की कार्ययोजनाएं तैयार करने को कहा है. इनमें मापने योग्य लक्ष्य, समयसीमा और जिम्मेदार नोडल अधिकारी का नाम दर्ज करना होगा. राज्यों को ये योजनाएं 5 दिसंबर तक ऑनलाइन पोर्टल पर जमा करनी हैं.
