दिवाली से पहले दिल्ली-NCR की हवा बेहद खराब हो गई है. शुक्रवार, 6 नवंबर 2026 को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 387 दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में है. कई इलाकों में AQI 400 के पार पहुंचने से स्थानीय स्तर पर हवा ‘गंभीर’ श्रेणी में रही.

रोहिणी में AQI 473, पंजाबी बाग में 464 और आरके पुरम में 441 दर्ज किया गया. अलीपुर और सोनिया विहार में यह 435, ओखला फेज-2 में 426, नॉर्थ कैंपस में 424, आईटीओ में 420 और नजफगढ़ में 412 रहा.

चांदनी चौक में AQI 386, पूसा में 393, आनंद विहार में 350 और लोधी रोड में 306 दर्ज किया गया. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के वर्गीकरण के अनुसार 301 से 400 के बीच AQI ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है.

वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली ने शुक्रवार से रविवार तक दिल्ली की हवा के गंभीर श्रेणी में बने रहने की आशंका जताई है. अधिकारियों के अनुसार, प्रतिकूल मौसम और कमजोर हवाओं के कारण प्रदूषक कणों के जमा होने से स्थिति और बिगड़ सकती है.