दिल्ली-एनसीआर की हाई-राइज सोसायटियों में अकेले रहने वाले बुजुर्गों को ‘डिजिटल अरेस्ट’ जैसी साइबर ठगी से बचाने के लिए पुलिस, आरडब्ल्यूए और पड़ोसियों ने मिलकर ‘कम्युनिटी शील्ड’ तैयार की है. इस व्यवस्था को ‘बडी सिस्टम’ भी कहा जा रहा है. इसका उद्देश्य संदिग्ध वीडियो कॉल या लंबे समय तक कमरे में बंद रहने जैसी स्थिति में बुजुर्गों तक तत्काल मदद पहुंचाना है.

नोएडा साइबर सेल के एसीपी विवेक रंजन रॉय के मुताबिक, सोसायटियों में हर महीने जागरूकता डेमो आयोजित किए जा रहे हैं. आम्रपाली जोडिएक आरडब्ल्यूए के महासचिव शशि कुमार ने बताया कि सोसायटी के 2,200 फ्लैटों में रहने वाले करीब 300 बुजुर्गों के लिए साइबर अलर्ट ग्रुप बनाया गया है. द्वारका फोरम के अध्यक्ष सुशील कुमार के अनुसार, बडी सिस्टम के तहत 450 सोसायटियों के व्हाट्सऐप ग्रुप में बुजुर्गों और साइबर पुलिस को जोड़ा गया है.

दो मामलों में समय पर मिली मदद

गुरुग्राम में इंजीनियर के. अहलावत ने बुजुर्गों की निगरानी के लिए युवाओं का बडी सिस्टम शुरू किया. एक 75 वर्षीय बुजुर्ग का फोन लगातार व्यस्त आने और कमरे का दरवाजा बंद मिलने पर उनके बडी ने बीट कांस्टेबल को सूचना दी. पुलिस के समय पर पहुंचने से 80 लाख रुपये की जमापूंजी बच गई.

द्वारका में 68 वर्षीय सेवानिवृत्त अधिकारी को फर्जी वर्दीधारी ने ड्रग्स पार्सल के नाम पर वीडियो कॉल के जरिए डराया और कमरे में बंद रहने को कहा. अधिकारी ने कॉल म्यूट कर सुरक्षा ग्रुप में संदेश भेज दिया. पड़ोसियों के पहुंचने पर ठग ने कॉल काट दी और उनकी पेंशन बच गई.

साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ जीतेन जैन और साइबर लॉ विशेषज्ञ डॉ. पवन दुग्गल ने बडी मॉडल को बड़े स्तर पर लागू करने की बात कही है. उनके मुताबिक, सोसायटियों और पार्कों में पुलिस, साइबर विशेषज्ञों और मनोवैज्ञानिकों के साथ जागरूकता शिविर लगाने से बुजुर्गों को ऐसे दबाव और भ्रम से निपटने में मदद मिल सकती है.