दिल्ली-एनसीआर की हाई-राइज सोसायटियों में अकेले रहने वाले बुजुर्गों को ‘डिजिटल अरेस्ट’ जैसी साइबर ठगी से बचाने के लिए पुलिस, आरडब्ल्यूए और पड़ोसियों ने मिलकर ‘कम्युनिटी शील्ड’ तैयार की है. इस पहल को ‘बडी सिस्टम’ भी कहा जा रहा है. इसमें बुजुर्गों की गतिविधियों पर नजर रखने, असामान्य स्थिति में तुरंत अलर्ट भेजने और पुलिस से संपर्क कराने की व्यवस्था बनाई गई है.

नोएडा साइबर सेल के एसीपी विवेक रंजन रॉय के अनुसार, सोसायटियों में हर महीने डेमो और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. आम्रपाली जोडैक आरडब्ल्यूए के महासचिव शशि कुमार ने बताया कि सोसायटी के 2,200 फ्लैटों में रहने वाले करीब 300 बुजुर्गों के लिए अलग साइबर अलर्ट ग्रुप बनाया गया है. द्वारका फोरम के अध्यक्ष सुशील कुमार के मुताबिक, बडी सिस्टम के तहत 450 सोसायटियों के व्हाट्सऐप ग्रुप में बुजुर्गों और साइबर पुलिस को जोड़ा गया है.

दो मामलों में समय पर मिली मदद

गुरुग्राम में इंजीनियर के. अहलावत ने बुजुर्गों की निगरानी के लिए युवाओं का बडी सिस्टम शुरू किया. हाल ही में एक 75 वर्षीय बुजुर्ग का फोन लगातार व्यस्त आने और कमरे का दरवाजा बंद मिलने पर उनके युवा बडी ने बीट कांस्टेबल को सूचना दी. पुलिस के समय पर पहुंचने से कथित तौर पर 80 लाख रुपये की जमापूंजी बच गई.

द्वारका में 68 वर्षीय सेवानिवृत्त अधिकारी को फर्जी वर्दीधारी ने ड्रग्स पार्सल के नाम पर वीडियो कॉल पर डराया और कमरे में रहने को कहा. अधिकारी ने कॉल म्यूट कर सुरक्षा ग्रुप में संदेश भेजा. पड़ोसियों के पहुंचने पर कॉल कट गई और उनकी पेंशन की रकम बच गई.

साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ जीतेन जैन और साइबर लॉ विशेषज्ञ डॉ. पवन दुग्गल ने बडी मॉडल को देशभर में लागू करने, पार्कों और सोसायटियों में जागरूकता शिविर लगाने तथा साइबर विशेषज्ञों और मनोवैज्ञानिकों को जोड़ने की सलाह दी है.