दिल्ली-NCR में पटाखों की बिक्री और इस्तेमाल पर रोक लगाने की मांग से जुड़े मामले में सुप्रीम कोर्ट में आज सुनवाई होगी. पिछली सुनवाई में मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की पीठ ने कहा था कि पूरे देश में पटाखों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाना संभव नहीं है. हालांकि, अदालत ने यह भी स्पष्ट किया था कि 24 घंटे आतिशबाजी की अनुमति नहीं दी जा सकती.
अदालत के सामने मुख्य चुनौती लोगों के स्वास्थ्य और धार्मिक भावनाओं के बीच संतुलन बनाने की है. पीठ ने संकेत दिया था कि पटाखे चलाने के लिए समय-सीमा तय की जानी चाहिए, ताकि त्योहार मनाने की अनुमति रहे और आम लोगों को प्रदूषण व शोर से होने वाली परेशानी कम हो.
सुनवाई के दौरान न्याय मित्र अपराजिता सिंह ने पटाखों से बच्चों के बीमार पड़ने के खतरे का उल्लेख किया था. उन्होंने कहा था कि सही तरीके से लागू किए बिना कोई प्रतिबंध प्रभावी नहीं होगा. अदालत ने भी कहा कि ऐसा आदेश नहीं दिया जाना चाहिए, जिसे जमीन पर लागू करना संभव न हो. जस्टिस बागची ने पटाखे चलाने के धार्मिक आधार पर भी सवाल उठाया था.
कम प्रदूषण वाले विकल्पों पर जोर
मुख्य न्यायाधीश ने लोगों को पटाखों से होने वाले नुकसान के बारे में जागरूक करने और कम प्रदूषण वाले तरीकों से त्योहार मनाने पर जोर दिया था. उन्होंने अधिक नुकसान पहुंचाने वाले पटाखों की पहचान और लोगों को जागरूक करने की जरूरत बताई. अदालत ने पारंपरिक तौर पर दीपक और फुलझड़ी तक सीमित उत्सव का भी उल्लेख किया था.
पिछले साल दिवाली से पहले दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक 200 के पार पहुंचने के बाद दिल्ली-NCR में ग्रीन पटाखों की बिक्री और इस्तेमाल की अनुमति दी गई थी. यह अनुमति तय शर्तों और समय-सीमा के साथ थी. अदालत ने प्रदूषण नियंत्रण के संदर्भ में यह सवाल भी उठाया था कि यदि दिल्ली-NCR के लोगों को साफ हवा का अधिकार है, तो दूसरे शहरों के लोगों को इससे वंचित क्यों रखा जाए.
