दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) की GRAP सब-कमेटी ने ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान यानी GRAP के तीसरे चरण को लागू कर दिया है. यह फैसला प्रदूषण और मौसम की स्थिति को देखते हुए एहतियाती तौर पर लिया गया है.

GRAP-3 आम तौर पर तब लागू किया जाता है, जब दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 401 से 450 के बीच गंभीर श्रेणी में पहुंचता है. इस चरण में धूल और प्रदूषण बढ़ाने वाली गतिविधियों पर व्यापक रोक लगाई जाती है.

निर्माण, खनन और स्टोन क्रशर पर रोक

पूरे NCR में धूल पैदा करने वाले कई निर्माण और तोड़फोड़ के काम बंद रहेंगे. इनमें खुदाई, जमीन भरना, बोरिंग, ड्रिलिंग, पाइलिंग, खुले में सीवर-पानी-बिजली लाइन बिछाना, ईंट-चिनाई, सड़क निर्माण और बड़ी मरम्मत शामिल हैं. RMC प्लांट, बड़े स्तर की वेल्डिंग और गैस कटिंग, पेंटिंग, पॉलिश, सीमेंट-प्लास्टर का काम तथा टाइल और पत्थर काटने-घिसने जैसी गतिविधियों पर भी रोक रहेगी. निर्माण सामग्री और मलबे की लोडिंग-अनलोडिंग व ढुलाई पर भी सख्ती होगी.

रेलवे, मेट्रो, एयरपोर्ट, अंतरराज्यीय बस टर्मिनल, रक्षा, अस्पताल, हाईवे, फ्लाईओवर, बिजली-पाइपलाइन, टेलीकॉम, जलापूर्ति और सीवेज से जुड़े जरूरी प्रोजेक्ट्स को कुछ शर्तों के साथ छूट मिल सकती है. इन परियोजनाओं में धूल नियंत्रण और निर्माण कचरा प्रबंधन के नियमों का पालन जरूरी होगा. पूरे NCR में स्टोन क्रशर और सभी तरह की माइनिंग गतिविधियां भी बंद रहेंगी.

पुराने वाहनों पर प्रतिबंध

दिल्ली, गुरुग्राम, फरीदाबाद, गाजियाबाद और गौतम बुद्ध नगर में BS-3 पेट्रोल और BS-4 डीजल से चलने वाली चार पहिया निजी गाड़ियों पर प्रतिबंध का प्रावधान लागू होगा. दिव्यांग लोगों के लिए विशेष रूप से तैयार वाहनों को निजी इस्तेमाल की स्थिति में छूट दी गई है.

दिल्ली में पंजीकृत BS-4 और उससे पुराने डीजल मीडियम गुड्स व्हीकल पर भी रोक रहेगी. दिल्ली के बाहर पंजीकृत BS-4 डीजल लाइट कमर्शियल व्हीकल को राजधानी में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी. जरूरी सामान और आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को इन प्रतिबंधों से छूट दी गई है.

स्कूलों और दफ्तरों के लिए निर्देश

दिल्ली, गुरुग्राम, फरीदाबाद, गाजियाबाद और गौतम बुद्ध नगर में पांचवीं कक्षा तक की पढ़ाई हाइब्रिड मोड में चलाने का निर्देश है. जहां ऑनलाइन सुविधा उपलब्ध है, वहां बच्चे और अभिभावक ऑनलाइन कक्षा का विकल्प चुन सकते हैं.

दिल्ली और NCR की सरकारों को सरकारी, नगर निगम और निजी कार्यालयों में कर्मचारियों की संख्या 50 फीसदी तक सीमित करने तथा बाकी कर्मचारियों को घर से काम की अनुमति देने पर निर्णय लेने को कहा गया है. केंद्र सरकार भी अपने कार्यालयों के लिए वर्क फ्रॉम होम पर फैसला कर सकती है.

CAQM ने नागरिकों से सार्वजनिक परिवहन अपनाने, कार शेयर करने, छोटी दूरी पर पैदल या साइकिल से जाने और अनावश्यक यात्राएं कम करने की अपील की है. लोगों से कोयला, लकड़ी या कचरा न जलाने और जरूरत पड़ने पर घरेलू कर्मचारियों व सुरक्षा गार्डों के लिए इलेक्ट्रिक हीटर उपलब्ध कराने को भी कहा गया है.