सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली-NCR में 7 और 8 नवंबर 2026 को ग्रीन पटाखे चलाने की अनुमति दी है. हालांकि, पटाखे पूरे दिन नहीं चलाए जा सकेंगे. अदालत के निर्देश के मुताबिक इन्हें सुबह 6 से 7 बजे और रात 8 से 10 बजे तक ही जलाया जा सकेगा.
अस्पतालों, नर्सिंग होम, प्राथमिक और जिला स्वास्थ्य केंद्रों, वृद्धाश्रमों तथा अधिसूचित साइलेंस जोन के 300 मीटर के दायरे में पटाखे चलाने पर रोक रहेगी. अदालत ने इन स्थानों के साथ शैक्षणिक संस्थानों को भी ‘नो-क्रैकर जोन’ घोषित करने का निर्देश दिया है. संबंधित क्षेत्रों की उचित मार्किंग कराने और लोगों को इसकी जानकारी देने को कहा गया है.
लाइसेंस प्राप्त निर्माताओं के पटाखों पर जोर
सुनवाई के दौरान अदालत ने कहा था कि 24 घंटे पटाखे चलाने की अनुमति नहीं दी जा सकती. साथ ही, पटाखों पर पूरी तरह रोक लगाने के बजाय सीमित समय और नियंत्रित इस्तेमाल का रास्ता अपनाने की बात कही गई थी. निर्देशों में यह भी कहा गया कि अनुमति वाले ग्रीन पटाखों का निर्माण लाइसेंस प्राप्त निर्माता करें और उनमें प्रतिबंधित रसायन न हों.
29 अक्टूबर की सुनवाई में अदालत ने लोगों को प्रदूषण कम करने वाली दिवाली मनाने के लिए जागरूक करने में मशहूर हस्तियों और खिलाड़ियों की मदद लेने का सुझाव दिया था. इसमें विराट कोहली जैसे लोकप्रिय खिलाड़ियों से अपील वाले वीडियो या संदेश रिकॉर्ड कराने की संभावना का उल्लेख किया गया.
अदालत की सहायता कर रहीं वरिष्ठ वकील उत्तरा बब्बर ने सुनवाई में वायु प्रदूषण से जुड़े स्वास्थ्य जोखिमों का हवाला दिया. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्होंने ‘स्टेट ऑफ ग्लोबल एयर 2025’ रिपोर्ट का उल्लेख करते हुए भारत में वायु प्रदूषण से 20.1 लाख से अधिक मौतों और इनमें 21% मौतों के पांच साल से कम उम्र के बच्चों की होने की बात कही.
