सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली-NCR में दिवाली के दौरान 7 और 8 नवंबर 2026 को ग्रीन पटाखे चलाने की अनुमति दी है. पटाखे केवल सुबह 6 से 7 बजे और रात 8 से 10 बजे के बीच ही चलाए जा सकेंगे. इसके बाहर पटाखे चलाने की अनुमति नहीं होगी.
कोर्ट के निर्देश के अनुसार अस्पतालों, नर्सिंग होम, प्राथमिक और जिला स्वास्थ्य केंद्रों, वृद्धाश्रमों तथा अधिसूचित शांत क्षेत्र के 300 मीटर के दायरे में पटाखे चलाने पर प्रतिबंध रहेगा. इन क्षेत्रों के साथ शैक्षणिक संस्थानों को भी ‘नो-क्रैकर जोन’ घोषित किया जाएगा. प्रशासन को इन क्षेत्रों में स्पष्ट संकेतक लगाने और लोगों को प्रतिबंध की जानकारी देने के निर्देश दिए गए हैं.
लाइसेंसधारी निर्माताओं के ग्रीन पटाखे
सुनवाई के दौरान कोर्ट ने कहा था कि पटाखों पर पूरी तरह रोक लगाने के बजाय संतुलित रास्ता अपनाना जरूरी है. हालांकि, 24 घंटे पटाखे चलाने की अनुमति नहीं दी जा सकती. कोर्ट ने यह भी कहा कि ग्रीन पटाखे केवल लाइसेंसधारी निर्माताओं से बनाए जाएं और उनमें प्रतिबंधित रसायनों का इस्तेमाल न हो.
29 अक्टूबर की सुनवाई में प्रदूषण नियंत्रण के लिए लोकप्रिय हस्तियों की मदद लेने का सुझाव भी दिया गया. कोर्ट ने कहा कि खिलाड़ियों और अन्य सम्मानित लोगों के वीडियो या संदेशों के जरिए लोगों से प्रदूषण बढ़ाए बिना दिवाली मनाने की अपील की जा सकती है.
सुनवाई में एमिकस क्यूरी और वरिष्ठ अधिवक्ता उत्तरा बब्बर ने वायु प्रदूषण से होने वाले स्वास्थ्य नुकसान का उल्लेख किया. उन्होंने ‘स्टेट ऑफ ग्लोबल एयर 2025’ रिपोर्ट के हवाले से भारत में वायु प्रदूषण से 20.1 लाख से अधिक मौतों और इनमें पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चों की 21 प्रतिशत हिस्सेदारी की जानकारी दी.
पिछले वर्ष भी सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली-NCR में 19 और 20 अक्टूबर को तय समय के दौरान ग्रीन पटाखे चलाने की अनुमति दी थी.
