सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली-एनसीआर में दिवाली के दौरान प्रमाणित ग्रीन पटाखों की बिक्री और इस्तेमाल को सीमित अवधि के लिए मंजूरी दी है. अदालत के निर्देश के अनुसार 7 और 8 नवंबर को सुबह 6 से 7 बजे तथा रात 8 से 10 बजे तक ही पटाखे फोड़ने की अनुमति होगी.
अदालत ने स्पष्ट किया कि यह राहत केवल CSIR-NEERI से प्रमाणित ग्रीन पटाखों के लिए है. ऐसे पटाखों का निर्माण 2 से 6 नवंबर के बीच वैध प्रमाणन और Petroleum and Explosives Safety Organisation (PESO) लाइसेंस वाले निर्माता ही कर सकेंगे. केवल वही उत्पाद बनाए जा सकेंगे, जो CSIR-NEERI की वेबसाइट पर सूचीबद्ध हैं.
अदालत ने पटाखों की लड़ियों और मालाओं के निर्माण व बिक्री पर रोक दोहराई है. बेरियम वाले तथा CSIR-NEERI से स्वीकृत नहीं किए गए पटाखों के इस्तेमाल की अनुमति नहीं होगी.
अस्पतालों, नर्सिंग होम, प्राथमिक और जिला स्वास्थ्य केंद्रों, वृद्धाश्रमों, शैक्षणिक संस्थानों तथा अधिसूचित साइलेंस जोन के 300 मीटर के दायरे में आतिशबाजी नहीं की जा सकेगी. सुप्रीम कोर्ट ने अवैध और पारंपरिक पटाखों की बिक्री रोकने के लिए दिल्ली-एनसीआर के अधिकारियों को निगरानी बढ़ाने का निर्देश दिया है. 9 नवंबर 2026 से पटाखों पर पूर्ण प्रतिबंध फिर लागू होगा.
