दिल्ली-एनसीआर में पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के असर के बीच मौसम का मिजाज बदल गया है. राजधानी के कई इलाकों में गुरुवार तड़के शुरू हुई बारिश रुक-रुककर शुक्रवार सुबह तक जारी रही. कुछ घंटों के लिए मौसम साफ रहने के बाद गुरुवार शाम करीब पांच बजे कई क्षेत्रों में फिर बारिश शुरू हो गई.
बारिश के साथ चली तेज ठंडी हवाएं
दिल्ली और आसपास के इलाकों में कहीं बूंदाबांदी तो कहीं तेज बारिश दर्ज की गई. इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चलीं, जिससे तापमान में गिरावट आई और मौसम अचानक सर्द हो गया. पश्चिमी और मध्य दिल्ली में बारिश का असर अपेक्षाकृत ज्यादा रहा.
लगातार बारिश के कारण दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से 5.6 डिग्री कम होकर 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. यह पिछले 24 घंटे के मुकाबले 6.4 डिग्री कम रहा. न्यूनतम तापमान 19.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग ने राजधानी के लिए येलो अलर्ट जारी किया है.
शुक्रवार तक भारी बारिश की संभावना
मौसम संबंधी अनुमान के मुताबिक, शुक्रवार तक दिल्ली के कई इलाकों में इस दौर की कुल बारिश 50 मिलीमीटर के पार पहुंच सकती है. पश्चिमी और मध्य दिल्ली में बारिश का प्रभाव अधिक रहने की संभावना जताई गई है.
खराब मौसम का असर करवाचौथ के चांद के दीदार पर भी पड़ा. दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, फरीदाबाद और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाए रहने के कारण व्रत रखने वाली महिलाओं को चांद देखने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा. कुछ महिलाओं ने दूसरे शहरों में रह रहे रिश्तेदारों को वीडियो कॉल कर चांद के दर्शन किए और इसके बाद व्रत खोला.
