नई दिल्ली: दशहरा समारोह और मूर्ति विसर्जन के कारण 20 और 21 अक्टूबर को दिल्ली-एनसीआर के कई हिस्सों में यातायात प्रभावित हो सकता है. जरूरत के अनुसार कुछ मार्गों पर वाहनों को वैकल्पिक रास्तों से भेजा जाएगा.
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, 20 अक्टूबर को पूर्वी दिल्ली में शाम 5 बजे से रात 8 बजे के बीच यातायात डायवर्जन लागू किया जा सकता है. एनएच-24, रोड नंबर 56, रोड नंबर 57, रोड नंबर 57ए और विकास मार्ग पर भीड़ और वाहनों की धीमी रफ्तार की संभावना जताई गई है.
चित्तरंजन पार्क और ग्रेटर कैलाश-II में दुर्गा पूजा आयोजनों के चलते 20 अक्टूबर तक शाम 4 बजे से आधी रात तक यातायात दबाव बना रह सकता है. आउटर रिंग रोड, लाला लाजपत राय मार्ग, अगस्त क्रांति मार्ग, एमबी रोड और लाल बहादुर शास्त्री मार्ग समेत आसपास के रास्ते प्रभावित हो सकते हैं.
नोएडा और ग्रेटर नोएडा में 20-21 अक्टूबर को सुबह 9 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक मूर्ति विसर्जन स्थलों के आसपास जरूरत के अनुसार डायवर्जन किया जाएगा. वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे यात्रा पहले से योजना बनाकर निकलें, निर्धारित पार्किंग का इस्तेमाल करें और ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें.
