दिल्ली-NCR के कई इलाकों में शनिवार देर रात गरज-चमक के साथ बारिश हुई. तेज हवाओं के बीच हुई इस बारिश से मौसम का मिजाज अचानक बदल गया और तापमान में गिरावट दर्ज की गई. बारिश के बाद क्षेत्र में ठंडी हवाएं चलने लगीं.
दिल्ली के अलावा नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी बारिश हुई. दिल्ली और नोएडा के कुछ इलाकों में ओले गिरने की जानकारी सामने आई है. हरियाणा के कुछ हिस्सों में भी मौसम खराब रहा. हिसार में बारिश के साथ ओले गिरने की सूचना है.
मौसम में यह बदलाव पिछले कुछ दिनों के अपेक्षाकृत गर्म मौसम के बाद आया है. आने वाले घंटों में दिल्ली-NCR के कुछ इलाकों में बारिश की संभावना बनी रहने की बात कही गई है. उत्तर और मध्य भारत के कई हिस्सों में भी अगले कुछ दिनों के दौरान गरज, बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है.
बारिश के बाद प्रदूषण से राहत की उम्मीद
बारिश और तेज हवाओं के बाद दिल्ली-NCR में प्रदूषण से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है. शनिवार को दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 191 दर्ज किया गया, जबकि एक दिन पहले यह 230 था. हालांकि, मौसम में बदलाव के कारण आने वाले दिनों में हवा की गुणवत्ता में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है.
