दिल्ली-एनसीआर में नौकरी और बेहतर करियर की उम्मीद लेकर आने वाले युवाओं के लिए शुरुआती वेतन और शहर में रहने का खर्च बड़ी चुनौती बन रहा है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, नोएडा और आसपास काम कर रहीं कुछ युवतियों ने बताया कि 10 से 20 हजार रुपये की मासिक आय में किराया, यात्रा, भोजन और अन्य जरूरी खर्च संभालना आसान नहीं है.
पंजाब से करीब तीन साल पहले दिल्ली-एनसीआर आईं नव्या (बदला हुआ नाम) ने बताया कि उन्होंने पहले BBA किया था और इसके बाद एक साल का डिप्लोमा कोर्स करने के लिए नोएडा आई थीं. पढ़ाई, नौकरी की तलाश और शहर में खुद को स्थापित करने में उनका शुरुआती एक साल बीत गया.
नव्या के अनुसार, एक समय उनकी सैलरी करीब 10 हजार रुपये थी. इसमें से 7,500 रुपये PG के किराये में चले जाते थे, जबकि आने-जाने के लिए सार्वजनिक परिवहन पर लगभग 1,000 रुपये खर्च होते थे. पैसे बचाने के लिए वह कई बार पैदल भी चलती थीं. PG में कभी खाना नहीं बनने या अन्य दिक्कतों के कारण उन्हें कई बार भूखा भी रहना पड़ा.
उन्होंने बताया कि हर साल किराया बढ़ जाता था और बिजली का बिल भी बजट बिगाड़ देता था. ऑफिस के काम के बाद अलग से पार्ट-टाइम नौकरी करने की ताकत नहीं बचती थी. अतिरिक्त आय के लिए वह ऑनलाइन ट्यूशन पढ़ाती थीं. उन्होंने यह भी बताया कि कंपनी ने कुछ महीनों में वेतन बढ़ाने का आश्वासन दिया था, लेकिन बढ़ोतरी के लिए उन्हें करीब एक साल इंतजार करना पड़ा.
एक अन्य युवती पूजा (बदला हुआ नाम) ने बताया कि उन्होंने एयर होस्टेस बनने की पढ़ाई की थी. बाद में उन्होंने PGDM कोर्स किया, जिस पर करीब 10 लाख रुपये खर्च हुए. इसके बावजूद उन्हें 20 हजार रुपये से अधिक वेतन वाली नौकरी नहीं मिली और अंततः उन्होंने 20 हजार रुपये की नौकरी स्वीकार की.
रिपोर्ट में युवाओं के बड़े शहरों में आने की वजहों में अनुभव, कौशल और भविष्य में बेहतर नौकरी की संभावना को प्रमुख बताया गया है. छोटे शहरों में अवसर सीमित होने के कारण कई युवा कम वेतन पर भी पहली नौकरी स्वीकार कर लेते हैं.
