दिल्ली-NCR में वाहन प्रदूषण कम करने के लिए 15 सदस्यीय विशेषज्ञ समिति ने BS-I, BS-II और BS-III श्रेणी के वाहनों को तुरंत हटाने की सिफारिश की है. समिति ने अपनी रिपोर्ट वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) को सौंपी है.
रिपोर्ट में BS-IV वाहनों को 2030 तक चरणबद्ध तरीके से हटाने का सुझाव दिया गया है. इसके बाद BS-VI दोपहिया वाहनों को 2035 और BS-VI चारपहिया वाहनों को 2040 तक हटाने की सिफारिश की गई है.
सर्दियों में कड़े प्रतिबंध का सुझाव
समिति ने 1 नवंबर से 31 जनवरी के बीच प्रदूषण बढ़ने पर अतिरिक्त पाबंदियां लगाने की बात कही है. रिपोर्ट में 2026 की सर्दियों से दिल्ली-NCR में BS-IV वाहनों पर प्रतिबंध का पायलट शुरू करने और अगले वर्ष इसे व्यापक स्तर पर लागू करने पर विचार करने को कहा गया है.
समिति के अनुसार, दिल्ली-NCR के वाहन बेड़े में BS-I से BS-III वाहन करीब 30 प्रतिशत हैं, लेकिन PM प्रदूषण में उनका योगदान लगभग 74 प्रतिशत है. BS-IV वाहनों का योगदान करीब 19 प्रतिशत बताया गया है.
रिपोर्ट में यह भी सुझाव दिया गया है कि NCR से हटाए गए अधिक प्रदूषण फैलाने वाले वाहन दूसरे प्रदूषित क्षेत्रों में न भेजे जा सकें. ये फिलहाल विशेषज्ञ समिति की सिफारिशें हैं, अंतिम सरकारी आदेश नहीं.
