दिल्ली-एनसीआर में पुराने और अधिक प्रदूषण फैलाने वाले ट्रकों व बसों को बदलने के लिए केंद्र सरकार ने PARIVARTAN योजना शुरू की है. इसका उद्देश्य BS-IV या उससे पुराने वाणिज्यिक वाहनों को BS-VI मानक वाले या इलेक्ट्रिक वाहनों से बदलना है. योजना का कुल परिव्यय ₹9,585 करोड़ है, जिसमें केंद्र सरकार की बजटीय सहायता ₹5,041 करोड़ शामिल है.
योजना के तहत पात्र वाहन मालिकों को कई तरह के लाभ मिल सकते हैं. इनमें नए वाहन पर निर्माता की ओर से कम से कम 8 प्रतिशत की छूट, वाहन ऋण पर 5 प्रतिशत ब्याज सहायता, ईंधन वाउचर और राज्यों की ओर से मोटर वाहन कर में रियायत या पंजीकरण शुल्क में छूट शामिल है. इलेक्ट्रिक वाहन चुनने वालों के लिए एकमुश्त आर्थिक सहायता और Certificate of Deposit की ट्रेडिंग का विकल्प भी रखा गया है.
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, योजना दिल्ली के साथ हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के उन NCR जिलों पर लागू होगी, जो इसके दायरे में आते हैं. गैर-सरकारी BS-IV या उससे पुराने ट्रक और बस, जो 30 अप्रैल 2026 तक NCR में पंजीकृत थे, पात्रता शर्तों के तहत शामिल हो सकते हैं. पुराने वाहन को अधिकृत स्क्रैपिंग केंद्र पर जमा करना जरूरी होगा.
योजना का क्रियान्वयन सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय करेगा. सरकार का लक्ष्य पुराने वाणिज्यिक वाहनों को चरणबद्ध तरीके से हटाकर क्षेत्र में परिवहन प्रदूषण कम करना है.
