दिल्ली-एनसीआर में इस साल सर्दियों की शुरुआत के साथ वायु प्रदूषण पिछले वर्ष की तुलना में अधिक बढ़ गया. Centre for Science and Environment (CSE) के विश्लेषण के अनुसार, दिवाली से पहले वाले सप्ताह में दिल्ली का औसत PM2.5 स्तर 236 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया. यह 2025 के 120 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर के औसत से 97 प्रतिशत और 2024 के 179 माइक्रोग्राम के मुकाबले 32 प्रतिशत अधिक है.
CSE ने अक्टूबर से नवंबर के मध्य तक के वायु गुणवत्ता आंकड़ों का विश्लेषण किया. रिपोर्ट के मुताबिक, सितंबर के अंत में बारिश के कारण प्रदूषण में थोड़ी कमी आई थी, लेकिन अक्टूबर के बाद स्थिति फिर बिगड़ गई. दिल्ली की वायु गुणवत्ता 2 नवंबर को ‘बहुत खराब’ श्रेणी में पहुंच गई.
स्थानीय प्रदूषण स्रोतों में परिवहन को सबसे बड़ा योगदानकर्ता बताया गया है. ट्रैफिक और वाहनों से होने वाला उत्सर्जन रोजाना लोगों के प्रदूषण संपर्क का प्रमुख कारण बना हुआ है. रिपोर्ट में कहा गया कि पराली जलाने का योगदान कुछ दिनों में बढ़ा, लेकिन इसके घटने के बावजूद दिल्ली में प्रदूषण गंभीर बना रहा. CSE के अनुसार, पूरे साल लागू किए गए नियंत्रण उपाय और आपातकालीन यातायात प्रतिबंध प्रदूषण घटाने में पर्याप्त साबित नहीं हुए.
