वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) की 2026 की अंतरिम रिपोर्ट में दिल्ली-NCR के प्रदूषण नियंत्रण प्रयासों में उत्तर प्रदेश सबसे आगे रहा, जबकि दिल्ली सभी पड़ोसी राज्यों से पीछे रही. जनवरी से 31 अक्टूबर 2026 तक के प्रदर्शन के आधार पर उत्तर प्रदेश ने 64.82 प्रतिशत, पंजाब ने 58.28 प्रतिशत, हरियाणा ने 51.54 प्रतिशत और राजस्थान ने 51.23 प्रतिशत प्रगति दर्ज की. दिल्ली का प्रदर्शन 50.88 प्रतिशत रहा.
रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली के लिए तय 32 कार्यों में से 18 को असंतोषजनक या सुधार की जरूरत वाली श्रेणी में रखा गया. सबसे बड़ी कमी ग्रीन शवदाह गृहों को लेकर सामने आई. दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में कुल 421 ग्रीन शवदाह गृह बनाने का लक्ष्य था, लेकिन 31 अक्टूबर तक एक भी तैयार नहीं हुआ.
पराली और निगरानी व्यवस्था में असमान प्रदर्शन
पराली प्रबंधन में हरियाणा ने अपने लक्ष्य का 35 प्रतिशत और पंजाब ने 53 प्रतिशत हासिल किया. फसल अवशेष प्रबंधन मशीनों के मामले में हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश ने लक्ष्य पूरा किया, जबकि पंजाब 88 प्रतिशत पर रहा.
दिल्ली ने 19 सतत वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्र लगाने का लक्ष्य पूरा किया. इसके विपरीत हरियाणा 23 केंद्रों के लक्ष्य के बावजूद एक भी केंद्र स्थापित नहीं कर पाया. पार्किंग और शहरों में बसों की संख्या बढ़ाने के लक्ष्य भी अधिकांश क्षेत्रों में अधूरे रहे.
CAQM का अंतिम रिपोर्ट कार्ड जनवरी 2027 में जारी होगा. आयोग ने कहा है कि दिल्ली और संबंधित राज्य 2026 के शेष समय में अपनी प्रगति सुधार सकते हैं.
