दिल्ली-NCR में गुरुवार, 15 अक्टूबर को मौसम ने अचानक करवट ली. दिल्ली के कई हिस्सों में तेज बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली चमकने की स्थिति बनी. नोएडा में भी बारिश दर्ज की गई और आसमान में बादल छाए रहे.
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने दिल्ली के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई है. विभाग के अनुसार हवाओं की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है, जबकि झोंकों की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है.
दिल्ली में न्यूनतम तापमान 23.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.7 डिग्री अधिक है. बारिश के कारण दिन का अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
मौसम विभाग ने दिनभर आसमान में बादल छाए रहने और मध्यम बारिश की संभावना जताई है. NCR में आवाजाही करने वाले लोगों को बारिश, कम दृश्यता और फिसलन भरी सड़कों को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. 16 अक्टूबर को भी कुछ इलाकों में बारिश और गरज-चमक जारी रह सकती है.
