दिल्ली-NCR के कई इलाकों में रविवार को बारिश हुई. दिल्ली के अलावा नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी बारिश का असर देखा गया. बारिश के बाद चली ठंडी हवाओं से तापमान में नरमी आई और मौसम सुहाना हो गया.

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, रविवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 से 19 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. सोमवार को आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है. उस दिन अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है.

कई स्टेशनों पर AQI खराब श्रेणी में

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, अलीपुर में AQI 248, IIT दिल्ली में 254, DTU में 203 और जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 229 दर्ज किया गया. द्वारका सेक्टर-8 में यह 198, IGI एयरपोर्ट के T3 टर्मिनल पर 176, आनंद विहार में 179, बुराड़ी में 167 और अशोक विहार में 150 रहा.

AQI के 201 से 300 के बीच रहने को खराब श्रेणी माना जाता है. 101 से 200 तक की वायु गुणवत्ता मध्यम, 301 से 400 तक बहुत खराब और 401 से 500 तक गंभीर श्रेणी में आती है.

बंगाल की खाड़ी में सिस्टम पर IMD की नजर

IMD के मुताबिक, पूर्वी-मध्य और उससे सटे दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना डिप्रेशन दक्षिण-पूर्व की ओर बढ़ा है. इसके 25 अक्टूबर को धीरे-धीरे पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में मुड़ने और 26 अक्टूबर की सुबह तक चक्रवाती तूफान में बदलने की बहुत संभावना जताई गई है. विभाग ने 27 अक्टूबर की सुबह के आसपास इसके गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने का भी अनुमान व्यक्त किया है.