दिल्ली और आसपास के इलाकों में शुक्रवार शाम विरोध प्रदर्शन के चलते कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित रहा. पीक आवर्स के दौरान कालिंदी कुंज से सरिता विहार के बीच वाहन बेहद धीमी गति से आगे बढ़े. दिल्ली-नोएडा मार्ग पर लंबी कतारों के कारण यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी हुई.

दिल्ली-गुरुग्राम सीमा पर सरहौल बॉर्डर की स्थिति भी जाम जैसी रही. यहां हजारों वाहन कतार में फंसे रहे. दिल्ली जाने वाले यात्रियों के अलावा दफ्तर से घर लौट रहे लोगों को भी लंबे समय तक धीमी रफ्तार में सफर करना पड़ा. रूट डायवर्जन और शाम के व्यस्त समय में वाहनों का बढ़ा दबाव इस स्थिति की प्रमुख वजहों में शामिल रहा.

10 अक्टूबर को कई मार्गों पर डायवर्जन

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की सलाह के मुताबिक, कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए 10 अक्टूबर को सुबह 6 बजे से जरूरत के अनुसार कई स्थानों पर डायवर्जन लागू किए जा सकते हैं. पुलिस ने बताया कि आसपास के हिस्सों में वाहनों की आवाजाही मौके की स्थिति के आधार पर नियंत्रित या सामान्य की जाएगी.

संभावित रूप से प्रभावित मार्गों और चौराहों में शंकर रोड-वंदे मातरम टी-पॉइंट, धौला कुआं फ्लाईओवर, झंडेवालान, पंचकुइयां, मंडी हाउस, मिंटो रोड, गुरु नानक चौक, कनॉट प्लेस के आसपास के हिस्से, लोदी रोड फ्लाईओवर, सरदार पटेल मार्ग-पंचशील मार्ग क्रॉसिंग, भीकाजी कामा प्लेस और मोती बाग फ्लाईओवर शामिल हैं. इसके अलावा जंतर-मंतर रोड, विंडसर पैलेस, रेल भवन, संसद मार्ग, पटेल चौक और आरएमएल अस्पताल के आसपास भी यातायात प्रभावित हो सकता है.

यात्रियों के लिए पुलिस की सलाह

ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से गैर-जरूरी यात्रा टालने और निकलने से पहले रास्ते की स्थिति की जानकारी लेने को कहा है. नई दिल्ली और मध्य दिल्ली से होकर रेलवे स्टेशन, आईएसबीटी या एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त समय लेकर निकलने की सलाह दी गई है.

पुलिस ने कहा है कि यातायात प्रबंधन मौके की स्थिति के अनुसार बदला जा सकता है. यात्रियों से मार्ग में तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने और आधिकारिक ट्रैफिक अपडेट देखते रहने की अपील की गई है.

प्रदर्शन को देखते हुए जंतर-मंतर, जनपथ, चुनाव आयोग और दिल्ली पुलिस मुख्यालय के आसपास लगभग 1.5 किलोमीटर का क्षेत्र संवेदनशील माना गया है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, इस क्षेत्र में 6,500 से अधिक सुरक्षाकर्मियों की तैनाती और सात स्तरों की बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है. निगरानी के लिए 300 से अधिक ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग सक्षम सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं.