दिल्ली-एनसीआर में शनिवार, 21 नवंबर को ठंड और प्रदूषण दोनों का असर बना हुआ है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, दिल्ली में आसमान आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं. सुबह ज्यादातर इलाकों में धुंध और हल्का कोहरा, जबकि कुछ स्थानों पर मध्यम कोहरा रहने की संभावना है.
दिल्ली में शनिवार को अधिकतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. कई इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास, जबकि कुछ जगहों पर सामान्य से अधिक रह सकता है.
दिल्ली के कई इलाकों में AQI 300 के पार
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के शनिवार सुबह के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 300 से ऊपर दर्ज किया गया. DTU में सबसे ज्यादा AQI 362 रहा. आनंद विहार में 324 और IIT दिल्ली में 307 AQI दर्ज किया गया.
अन्य इलाकों में अशोक विहार का AQI 288, जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम का 269, IGI एयरपोर्ट के T3 टर्मिनल का 250, बुराड़ी का 248, द्वारका सेक्टर-8 का 245 और अलीपुर का 239 रहा.
नोएडा के सेक्टर-62 में AQI 342 दर्ज किया गया. सेक्टर-125 में यह 259 और सेक्टर-116 में 216 रहा. AQI के 301 से 400 के बीच होने पर हवा को ‘बहुत खराब’ श्रेणी में रखा जाता है.
रविवार को भी राहत की उम्मीद कम
22 नवंबर को दिल्ली-एनसीआर में मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होने का अनुमान है. IMD के मुताबिक, आसमान आंशिक रूप से बादल छाए रह सकता है और सुबह हल्का या मध्यम कोहरा रह सकता है. दिल्ली में अधिकतम तापमान 25 से 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है.
IMD ने तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, तटीय आंध्र प्रदेश, केरल, तटीय कर्नाटक और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में बारिश की संभावना भी जताई है.
