दिल्ली-NCR में रविवार, 15 नवंबर को मौसम बदलने के आसार हैं. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली में आमतौर पर बादल छाए रहने और कुछेक स्थानों पर सुबह से दोपहर पूर्व तक बहुत हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना जताई है.
सुबह के समय दिल्ली में धुंध या हल्का कोहरा रहने का अनुमान है. कुछ स्थानों पर मध्यम कोहरा भी देखा जा सकता है. IMD के मुताबिक, दिल्ली में न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है.
प्रदूषण से राहत कितनी?
हल्की बारिश और बूंदाबांदी से धूल-कणों में अस्थायी कमी आ सकती है, लेकिन इससे पूरे दिल्ली-NCR में प्रदूषण से बड़ी या स्थायी राहत की पुष्टि नहीं की जा सकती. 14 नवंबर की शाम नोएडा का औसत AQI 323 यानी ‘बहुत खराब’ श्रेणी में दर्ज किया गया था.
IMD के पूर्वानुमान में दिल्ली, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 14-15 नवंबर को अलग-अलग स्थानों पर बारिश की संभावना बताई गई है. दिल्ली के लिए 15 नवंबर को कोई गंभीर मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है.
