दिल्ली-NCR में शनिवार, 24 अक्टूबर की देर रात मौसम अचानक बदल गया. दिल्ली के कई हिस्सों के अलावा नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं दर्ज की गईं. दिल्ली और नोएडा के कुछ इलाकों में ओले गिरने की भी सूचना मिली.

बारिश के बाद रविवार सुबह राजधानी का न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम का अब तक का सबसे कम तापमान है. भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, रात के दौरान दिल्ली में हल्की बारिश के साथ गरज और बिजली चमकने की स्थिति बनी रही.

सफदरजंग केंद्र पर सुबह 8:30 बजे तक 5.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. लोधी रोड में 5.8 मिलीमीटर, नारायणा में 6 मिलीमीटर और मयूर विहार में 3.5 मिलीमीटर बारिश हुई. बारिश के चलते हवा की गुणवत्ता में अस्थायी सुधार देखा गया और AQI मध्यम श्रेणी में रहा.

मौसम विभाग के अनुसार, 25 अक्टूबर को अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री और आसमान आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है. 26 और 27 अक्टूबर को मौसम मुख्यतः साफ रहने का अनुमान है, जबकि 29-30 अक्टूबर के आसपास हल्की बारिश की संभावना जताई गई है.