दिल्ली-NCR में गुरुवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ली. राष्ट्रीय राजधानी और आसपास के इलाकों में कहीं हल्की बूंदाबांदी हुई तो कुछ क्षेत्रों में तेज बारिश दर्ज की गई. बारिश के चलते कई इलाकों में मौसम का मिजाज बदल गया.

मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. विभाग के मुताबिक, राजधानी में पूरे दिन मौसम में बदलाव बना रह सकता है. बारिश की तीव्रता और स्थिति अलग-अलग इलाकों में अलग रह सकती है, इसलिए दिनभर मौसम में उतार-चढ़ाव की संभावना जताई गई है.

ओडिशा के रायगड़ा में भी बारिश

चक्रवात अर्नब के प्रभाव से ओडिशा के रायगड़ा जिले में भी बारिश जारी रही. हालांकि, प्रशासन के अनुसार बारिश की तीव्रता पहले के मुकाबले कम हुई है. एहतियात के तौर पर जिले के सभी विभागों को अलर्ट पर रखा गया है.

जिला कलेक्टर आशुतोष कुलकर्णी के अनुसार, सुबह 8:30 बजे समाप्त हुए पिछले 24 घंटों में रायगड़ा में 40 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. इसके बाद सुबह 8:30 बजे से शाम तक करीब 26 मिलीमीटर बारिश हुई.

कलेक्टर ने बताया कि जिले में कुल बारिश अनुमान से काफी कम रही और फिलहाल किसी बड़े खतरे की स्थिति नहीं है. हालांकि, रायगड़ा में आगे भी बारिश की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने विभागों को सतर्क रहने और स्थिति पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए हैं.