दिल्ली-NCR में शनिवार को मौसम अपेक्षाकृत ठंडा रहने और आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, दिल्ली में अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. कई इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य के करीब, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से काफी नीचे रहने की संभावना है.

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, शनिवार सुबह अलीपुर और DTU में AQI 135 दर्ज किया गया. IIT दिल्ली में AQI 73, बुराड़ी में 80, द्वारका सेक्टर-8 में 86 और IGI एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर 83 रहा. अशोक विहार में यह 104, जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 113 और आनंद विहार में 116 दर्ज किया गया.

AQI के पैमाने पर 0 से 50 तक की हवा को अच्छा, 51 से 100 तक को संतोषजनक और 101 से 200 तक को मध्यम माना जाता है. इस लिहाज से कुछ इलाकों में हवा संतोषजनक, जबकि अन्य क्षेत्रों में मध्यम श्रेणी में रही.

रविवार को भी दिल्ली-NCR में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं. दिल्ली में अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री और न्यूनतम 16 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे रह सकता है.

कई राज्यों में बारिश का अनुमान

IMD के अनुसार, दक्षिणी अंडमान सागर और उससे सटे अंडमान-निकोबार क्षेत्र में 30 अक्टूबर की सुबह कम दबाव का क्षेत्र बना. इसके 31 अक्टूबर के आसपास डिप्रेशन में बदलने की संभावना जताई गई है. इसके प्रभाव से 2 और 3 नवंबर को तटीय आंध्र प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है.

31 अक्टूबर से 5 नवंबर के बीच बिहार, गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल, झारखंड और ओडिशा के कुछ हिस्सों में बारिश का अनुमान है. 2 नवंबर तक हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है.