दिल्ली सरकार ने ओल्ड दिल्ली में दिल्ली गेट से कश्मीरी गेट तक 3.3 किलोमीटर लंबे नेताजी सुभाष मार्ग के पुनर्विकास की योजना बनाई है. इसका उद्देश्य यातायात दबाव कम करने के साथ क्षेत्र की ऐतिहासिक पहचान को संरक्षित रखना है. परियोजना का क्रियान्वयन इंद्रप्रस्थ विरासत पुनर्विकास निगम करेगा.

योजना के तहत मार्ग को सड़क की चौड़ाई के आधार पर तीन हिस्सों में विकसित किया जाएगा. प्रस्तावित सुविधाओं में चौड़े फुटपाथ, बस लेन, वाहन लेन, पार्किंग, पैदल प्लाजा, साइकिल ट्रैक, सार्वजनिक शौचालय और मौजूदा बस स्टॉप का उन्नयन शामिल है. मार्ग की चौड़ाई अलग-अलग हिस्सों में 12 से 45 मीटर तक है.

परियोजना में लाल किला, जामा मस्जिद, सेंट जेम्स चर्च, सुभाष पार्क, हिंदी पार्क और सुनहरी मस्जिद बाग समेत 12 प्रमुख स्थलों और हरित क्षेत्रों को एकीकृत करने का प्रस्ताव है. दिल्ली गेट के पास ‘हेरिटेज इंटरप्रिटेशन पार्क’ विकसित किया जाएगा, जिसमें प्रतिमा, मंडप, हरित क्षेत्र, पैदल पहुंच और पार्किंग की सुविधा होगी.

मार्ग पर नई स्ट्रीट लाइट, सजावटी दीवारें, बैठने की जगह, हरित पट्टियां और बेहतर पैदल पार-पथ भी प्रस्तावित हैं. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि आधुनिक सुविधाओं का विकास दिल्ली की सांस्कृतिक और विरासत पहचान को प्रभावित किए बिना किया जाएगा.