दिल्ली के निहाल विहार इलाके में अतिरिक्त छोले मांगने को लेकर हुए विवाद के बाद चाकू से घायल 35 वर्षीय निजी कार चालक संदीप की इलाज के दौरान मौत हो गई. पुलिस के अनुसार, रविवार को ज्वालापुरी नाले के पास एक चोले-भटूरे विक्रेता के साथ झड़प के दौरान संदीप पर हमला हुआ था.
पुलिस ने आरोपी विक्रेता की पहचान चिंटू गुप्ता के रूप में की है. उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. संदीप की मौत के बाद मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का आरोप जोड़ा गया है. इससे पहले पश्चिम विहार वेस्ट थाने में हत्या के प्रयास से संबंधित धारा 109(1) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी.
पुलिस के मुताबिक, संदीप को 25 अक्टूबर की रात पहले संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया था. बाद में उसे पंजाबी बाग स्थित महाराजा अग्रसेन अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां मंगलवार को उसकी मौत हो गई. मेडिकल रिपोर्ट में पेट के बाईं ओर तीन चाकू के घाव और हाथों पर कई चोटें दर्ज हैं.
संदीप के पिता बिजेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि विवाद बढ़ने के बाद उनके बेटे पर कई बार हमला किया गया और तीन-चार लोग इसमें शामिल थे. पुलिस ने कहा है कि अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है. संदीप निहाल विहार के रवि विहार का निवासी था और अपने पीछे पत्नी तथा चार और 10 वर्ष के दो बेटों को छोड़ गया है.
