दिल्ली में 1 अक्टूबर 2026 से सख्त किए गए ‘नो PUC, नो फ्यूल’ अभियान के पहले दिन पेट्रोल पंपों पर तकनीकी व्यवस्था सक्रिय दिखी, लेकिन जमीनी प्रवर्तन की कमी सामने आई. जनपथ और मयूर विहार फेज-1 के दो पेट्रोल पंपों पर Automatic Number Plate Recognition (ANPR) कैमरे वाहनों की नंबर प्लेट स्कैन कर रहे थे और वैध प्रदूषण प्रमाणपत्र रखने की घोषणाएं प्रसारित हो रही थीं.
दोनों स्थानों पर PUC केंद्र खुले थे, लेकिन निरीक्षण के दौरान परिवहन विभाग की कोई प्रवर्तन टीम मौजूद नहीं मिली. पंप कर्मचारियों ने बताया कि उन्हें अभियान के दिन के लिए सरकार की ओर से अलग से कोई स्पष्ट सूचना नहीं मिली थी.
दिल्ली सरकार ने करीब 500 ANPR-सक्षम ईंधन स्टेशनों पर अभियान को ‘मिशन मोड’ में लागू करने की बात कही है. वैध PUC प्रमाणपत्र नहीं होने पर पेट्रोल, डीजल या अन्य ईंधन देने से इनकार किया जाना है. डीलरों का कहना है कि सरकारी अधिकारियों की अनुपस्थिति में ग्राहकों से विवाद की स्थिति में पंप कर्मचारियों पर दबाव बढ़ सकता है.
पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा और परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने वाहन मालिकों से अपने PUC प्रमाणपत्र वैध रखने की अपील की है. कुछ वाहन मालिकों ने PUC केंद्रों पर बढ़ती भीड़, नंबर प्लेट पढ़ने में दिक्कत और केंद्रीय सिस्टम में अपडेट की देरी की शिकायत भी की.
